राजस्व अमले को आयुक्त का फरमान, बकायादारों से वसूले संपत्तिकर
रायपुर.
नगर निगम आयुक्त ने बुधवार को सभी 10 जोन के राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा, निगम क्षेत्र की सभी गैर मूल्यांकित और मूल्यांकित सम्पतियों का सर्वे कर संपत्तिकर का निर्धारण करें। साथ ही लोगों से संपत्तिकर जमा करने की अपील भी करें।

आयुक्त विश्वदीप ने राजस्व अमले से निगम क्षेत्र की सभी गैर मूल्यांकित और मूल्यांकित सम्पतियों के सर्वे के संबंध में जोन सहायक राजस्व अधिकारियों से जोनवार और वार्डवार जानकारी ली। इसके बाद आयुक्त ने चालान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी 70 वार्डों में सभी राजस्व निरीक्षकों और सहायक राजस्व निरीक्षकों को नियमानुसार सम्पतिकर निर्धारण कार्य के लिए सर्वे करने को कहा।
उन्होंने रहवासी सभी नागरिकों से सर्वे कार्य में राजस्व अमले को सभी आवश्यक दस्तावेज देकर सहयोग करने की अपील भी की। साथ ही किसी प्रकार की कार्यवाही से बचने के लिए बकाया संपत्तिकर निगम में जमा करने की भी अपील की।
समीक्षा बैठक में निगम अपर आयुक्त यू.एस.अग्रवाल,उपायुक्त डॉक्टर अंजलि शर्मा,जसदेव सिंह बाबरा,आईटी विशेषज्ञ रंजीत रंजन मौजूद थे।
