कांग्रेस के कथनी और करनी में अंतर,घोटालों की बारिश की थी : केदार कश्यप
रायपुर.
वन मंत्री केदार कश्यप ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। एकात्म परिसर में प्रेस कांफ्रेंस में मंत्री कश्यप ने कांग्रेस शासनकाल में हुए घोटालों, पर्यावरणीय स्वीकृतियों में गड़बड़ियों और कथनी-करनी के अंतर को उजागर करते हुए कहा, “चोर-चोर मौसेरे भाई हैं। मंत्री कश्यप ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ को बेचने के लिए भूपेश बघेल की सरकार ने कई हथकंडे अपनाए थे। उन्होंने दिल्ली के दस जनपथ से आए निर्देशों के तहत प्रदेश में जनविरोधी फैसले लिए। शराब, महादेव, पीएसी, चारा, गोबर और डीएमएफ जैसे घोटालों के जरिए जनता के पैसों की खुलकर लूट की गई।
पेड़ कटाई और कोल ब्लॉक आवंटन में दोहरा रवैया
मंत्री केदार कश्यप ने कहा, कांग्रेस ने एक ओर पर्यावरण और आदिवासियों की रक्षा की बात की, लेकिन हकीकत यह है कि भूपेश सरकार ने ही हसदेव जंगल में पेड़ों की कटाई के लिए नो गो जोन हटाया। उन्होंने कहा, 16 अक्टूबर 2019 में ही राज्य सरकार ने पर्यावरण स्वीकृति की सिफारिश की थी, और 2022 में कोल माइंस राजस्थान को आवंटित की गई। कश्यप ने कांग्रेस पर दोहरे रवैए का आरोप लगाते हुए कहा, वह एक ओर खदानों को स्वीकृति देती है और विपक्ष में आकर उसका विरोध करती है।
अब कानून व्यवस्था बिगाड़ने में लगी
उन्होंने यह भी कहा, कांग्रेस आर्थिक नाकेबंदी को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था और किसानों को नुकसान पहुंचा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बिगड़े और अपराध की स्थिति बने। कांग्रेस अपने नेताओं को बचाने के लिए जनता की बलि चढ़ा रही है।
