एनएचएम कर्मचारियों को बड़ी राहत: वेतन वृद्धि, स्वास्थ्य बीमा और मेडिकल अवकाश की सौगात

0
IMG-20250817-WA0221

रायपुर।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों के लिए रविवार का दिन राहत भरी सौगात लेकर आया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया की अध्यक्षता में हुई राज्य स्वास्थ्य समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक में कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ द्वारा प्रस्तुत मांगों पर विस्तार से चर्चा के बाद समिति ने कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी।

🔹 27% वेतन वृद्धि
समिति ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप जुलाई 2023 तक कार्यरत संविदा कर्मचारियों को 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि देने पर सैद्धांतिक सहमति दी। इसके अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में 1 जुलाई 2023 से 31 मार्च 2024 तक तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 में अतिरिक्त 5 प्रतिशत की वृद्धि दी जाएगी। वित्त विभाग की सहमति के बाद इसे लागू किया जाएगा।

🔹 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा
एनएचएम कर्मचारियों को अब न्यूनतम 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा मिलेगी। यह लाभ प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत राज्य नोडल एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध होगा।

🔹 30 दिन का सवैतनिक मेडिकल अवकाश
दुर्घटना अथवा गंभीर बीमारी की स्थिति में कर्मचारियों को 30 दिन का सवैतनिक मेडिकल अवकाश मिलेगा। इससे कर्मचारियों को आपात स्थिति में आर्थिक और मानसिक राहत मिलेगी।

🔹 स्थानांतरण और मानव संसाधन नीति में सुधार
बैठक में स्थानांतरण नीति एवं मानव संसाधन नीति में आंशिक संशोधन पर सहमति बनी। इसके लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा, जो अन्य विभागों की नीतियों का अध्ययन कर नियमसंगत और तर्कसंगत प्रस्ताव प्रस्तुत करेगी।

🔹 सीआर (वार्षिक मूल्यांकन) में पारदर्शिता
वार्षिक कार्य मूल्यांकन व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए अब अपील सुनवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला और ब्लॉक स्तर पर अपील मिशन संचालक के समक्ष तथा राज्य स्तर पर अपील स्वास्थ्य विभाग के भारसाधक सचिव के समक्ष प्रस्तुत की जा सकेगी।

बैठक में लिए गए इन फैसलों से प्रदेशभर में कार्यरत हजारों एनएचएम कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने वाली है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *