तीन मेडिकल कॉलेजों पर 10-10 लाख का जुर्माना, स्टूडेंट्स से हॉस्टल–मेस फीस में वसूले जा रहे थे अतिरिक्त पैसे
रायपुर।
राजधानी रायपुर और भिलाई के तीन निजी मेडिकल कॉलेजों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रों से हॉस्टल और मेस शुल्क के नाम पर निर्धारित सीमा से अधिक फीस वसूले जाने की शिकायतों की जांच पूरी होने के बाद मेडिकल एजुकेशन विभाग ने कड़ा कदम उठाते हुए प्रत्येक कॉलेज पर 10-10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
छात्रों और अभिभावकों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर गठित जांच समिति ने पाया कि संबंधित कॉलेज वास्तविक खर्च से कहीं अधिक रकम वसूल रहे थे। इससे छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था।
विभागीय अधिकारियों ने साफ किया है कि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कॉलेज प्रबंधन दोबारा ऐसे मामलों में दोषी पाए जाते हैं तो मान्यता रद्द करने तक की कार्यवाही की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद छात्रों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि अब मेडिकल शिक्षा संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही और मजबूत होगी।
