छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 163 औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

0
photo_2025-08-02_08-28-33

छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 163 औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

रायपुर.

छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार और औषधि प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने प्रदेशभर में सघन छापेमारी कर नशीली दवाओं के सौदागरों पर नकेल कसी है।

👉 नशीली दवाओं की जब्ती
जिला कोरिया में पुलिस और औषधि प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में मांजा मोड़ कुडेली के पास घेराबंदी कर एक आरोपी से 120 कैप्सूल (15 स्ट्रिप) स्पासमों-प्रोक्सीवोन पल्स जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट 1985 की धारा 22 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

👉 फार्मेसियों पर निगरानी
पिछले एक हफ्ते में औषधि निरीक्षकों ने 163 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। इनमें से 06 फर्मों—श्रीराम मेडिकल (कांकेर), यदु मेडिकल (नरहरपुर), साहू मेडिकल (चारामा), जैस्मिन मेडिकल (पलारी), चंद्राकर मेडिकल (सोते खैरागढ़) और सद्गुरु मेडिकल (खैरागढ़)—में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा 19 मेडिकल स्टोर्स में CCTV कैमरे नहीं पाए गए, जिन्हें 7 दिन में अनिवार्य रूप से कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

👉 औषधियों की गुणवत्ता जांच
औषधि निरीक्षकों ने 35 दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे, जिनमें से 19 नमूनों की रिपोर्ट आई और सभी मानक स्तर के पाए गए।

👉 ब्लड सेंटर्स और ऑक्सीजन यूनिट की जांच
प्रदेश में 03 ब्लड सेंटर्स और 01 ऑक्सीजन निर्माता इकाई का भी निरीक्षण किया गया। रायपुर और कोरबा के ब्लड सेंटर्स का नवीनीकरण हेतु परीक्षण किया गया जबकि सराईपाली के शुभा ब्लड सेंटर को नया लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

👉 कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई
युवाओं को तंबाकू और पान मसाला के नशे से बचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में इस हफ्ते 132 चालानी कार्यवाही कर ₹14,480 का जुर्माना वसूला गया।

👉 तय दाम से ज्यादा में दवाइयां बेचने वालों पर शिकंजा
पीएमआरयू यूनिट की जांच में 10 मेडिकल स्टोर्स की पड़ताल की गई, जिसमें 4 दवाइयां—इटरारेंज टैबलेट (दो बैच), वेरजिम-50 और इट्राहील-200—तय कीमत से अधिक में बिकती पाई गईं। मामले को नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA), नई दिल्ली को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती औषधियां उपलब्ध कराना है। नशीली दवाओं के कारोबार और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *