प्रोफेसर कॉलोनी की जलभराव समस्या दूर होगी, नगर निगम बनाएगा 1.24 करोड़ का नया नाला

0
IMG-20250819-WA0210

रायपुर।

राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या अब इतिहास बनने जा रही है। रायपुर नगर निगम द्वारा अधोसंरचना मद से 1 करोड़ 24 लाख 10 हजार रुपये की लागत से नया नाला निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।

महापौर मीनल चौबे ने मंगलवार को क्षेत्र में नाले के निर्माण हेतु भूमि पूजन किया। इस अवसर पर रायपुर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी, नगर निगम जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, महामाया मंदिर वार्ड क्रमांक 65 की पार्षद श्रीमती जयश्री नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

नाले का निर्माण दूधधारी मंदिर ट्रस्ट की भूमि के पीछे से देवकी बाल उद्यान होते हुए भैया तालाब के किनारे से शक्ति मंदिर तक और कूकरीपारा ढाल तक किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग, पाइप लाइन शिफ्टिंग और अन्य आवश्यक कार्य भी किए जाएंगे।

इसी कार्यक्रम के तहत वार्ड में विकास शुल्क मद से 8 लाख 56 हजार रुपये की लागत से शिवाजी नगर क्षेत्र में नाली निर्माण कार्यों का भी भूमि पूजन किया गया।

महापौर मीनल चौबे और विधायक सुनील सोनी ने मौके पर जोन आयुक्तों को निर्देश दिए कि नाले का निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कर सतत मॉनिटरिंग की जाए, ताकि बरसात में क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

इस अवसर पर पार्षद जयश्री नायक, जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल और बद्री प्रसाद गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान हेतु यह कदम ऐतिहासिक है। उन्होंने महापौर और विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रोफेसर कॉलोनी सहित आसपास के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *