मदिरा दुकानों में जल्द लागू होगी 100% कैशलेस व्यवस्था : मंत्री देवांगन

0
IMG-20250817-WA0268

रायपुर.
वाणिज्यिक कर एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय कार्यों की बारीकियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने साफ निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी मदिरा दुकानों में जल्द से जल्द 100 प्रतिशत कैशलेस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में आबकारी मंत्री ने होटल-ढाबों और फार्म हाउसों में अवैध शराब बिक्री एवं सेवन पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को सख्त कदम उठाने को कहा। साथ ही मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर मुख्यालय से 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सचिव श्रीमती आर. शंगीता ने विभागीय गतिविधियों का विस्तार से प्रस्तुतिकरण किया। इसमें आबकारी राजस्व, लाइसेंस व्यवस्था, बार-क्लब संचालन, मार्केटिंग कॉर्पोरेशन और मदिरा की गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं।

मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से अंतर्राज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों की सतर्कता बढ़ाने और व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया।

बैठक में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्य योजनाओं की गहन समीक्षा भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *