चीतल मांस सहित दो शिकारियों की गिरफ्तारी, एक फरार
बलौदाबाजार वनमंडल में बड़ी कार्रवाई : चीतल मांस सहित दो शिकारियों की गिरफ्तारी, एक फरार
रायपुर.
प्रदेशभर में अवैध शिकार एवं वन्यजीव अपराधों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बलौदाबाजार वनमंडल के अर्जुनी परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में ग्राम बिलाड़ी निवासी भूषण प्रसाद पिता रंजीत कोड़ाकू एवं कोमलसाय पिता कार्तिक को दबोचा गया। आरोपियों के पास से 23.620 किलोग्राम ताज़ा चीतल मांस, एक मोटरसाइकिल एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने मांस ग्राम अर्जुनी निवासी अनिल बरिहा से लेना स्वीकार किया, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश वन विभाग की टीम कर रही है।
दोनों आरोपियों पर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 एवं संशोधन अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वनमंडलाधिकारी गणवीर ने कहा कि वन्यजीवों का अवैध शिकार पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र के लिए गंभीर खतरा है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वन्यजीव संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करें, क्योंकि जंगल और वन्यजीव हमारी साझा धरोहर हैं।
