गोद ग्राम सोनपूरी पहुंचे राज्यपाल, विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने पर जोर
रायपुर.
राज्यपाल रमेन डेका ने खैरागढ़ प्रवास के दौरान अपने गोद लिए ग्राम सोनपूरी में जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब इनका लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचे।राज्यपाल ने सोनपूरी को मॉडल ग्राम बनाने हेतु विभागों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हितग्राहियों से योजनाओं के क्रियान्वयन पर फीडबैक भी लिया। विद्यार्थियों को कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए राजभवन से 5-5 हजार रुपए सहयोग राशि और ग्रामीणों की मांग पर श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल व रख-रखाव के लिए 5 लाख रुपए की सहायता की घोषणा की।
डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम कर रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि “छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।”इस अवसर पर राज्यपाल की उप सचिव सुश्री निधि साहू, ग्राम सरपंच, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
