बच्चों के भोजन में फिनाइल गोली, कलेक्टर की सख्त कार्रवाई – शिक्षक निलंबित, FIR दर्ज, हाईकोर्ट ने भी लिया संज्ञान

0
IMG-20250817-WA0268

सुकमा पोटाकेबिन विद्यालय प्रकरण :

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड स्थित आवासीय पोटाकेबिन विद्यालय पाकेला में बच्चों के भोजन में फिनाइल गोली मिलने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते यह मामला पकड़ में आ गया, अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की है।

शिक्षक निलंबित, FIR दर्ज

मामले में विद्यालय के शिक्षक धनंजय साहू (शिक्षक एल.बी.) के खिलाफ थाना छिंदगढ़ में FIR दर्ज होने और पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही मिलेगा।

अधीक्षक व सहायक अधीक्षक पर भी कार्रवाई

विद्यालय के अधीक्षक दुजाल पटेल को उनके दायित्वों से मुक्त कर जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, सुकमा में संलग्न कर दिया गया है।

उनकी जगह गौतम कुमार ध्रुव को अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं सहायक अधीक्षक भवन सिंह मंडावी को भी हटाते हुए उनकी जगह रतन सिंह पैकरा को कार्यभार सौंपा गया है।

कलेक्टर ध्रुव का सख्त संदेश

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा –

“बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी आवासीय विद्यालयों की सतत निगरानी की जाए और बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

कैसे खुला राज़?

21 अगस्त की रात भोजन परोसने से पहले चखने की प्रक्रिया के दौरान ही फिनाइल की तेज गंध आने से यह मामला सामने आया। तुरंत भोजन परोसना रोक दिया गया, जिससे बच्चों की जान बच गई।

हाईकोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान

घटना को गंभीर मानते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। कोर्ट ने राज्य के मुख्य सचिव से व्यक्तिगत हलफनामे सहित जवाब तलब किया है और कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। अगली सुनवाई 17 सितंबर को निर्धारित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *