नई कॉलोनियों में जल आपूर्ति की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें : महापौर मीनल
रायपुर।
राजधानी रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम के नगर निवेश विभाग को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में नगर निगम क्षेत्र की नई कॉलोनियों में बिल्डरों से यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि अगले 10 वर्षों तक रहवासियों को पेयजल की नियमित आपूर्ति के लिए ठोस प्रबंधन किया जाए।
सड्डू स्थित अविनाश कैपिटल होम्स-1 और 2 में लंबे समय से जलसंकट की समस्या को देखते हुए महापौर ने संबंधित बिल्डर्स और क्रेता-रहवासियों के बीच हुए अनुबंध की जानकारी ली। बैठक में बिल्डर्स ने बताया कि कॉलोनी विकास की अनुमति मिलने के बाद मकान/फ्लैट विक्रय करते समय रहवासियों से किए गए अनुबंध में जल प्रदाय की व्यवस्था रहवासियों द्वारा स्वयं करने का प्रावधान शामिल है।
नगर निगम जोन-9 के जोन कमिश्नर संतोष पांडेय ने जानकारी दी कि वर्तमान में कैपिटल होम्स-1 और 2 को निगम जल विभाग द्वारा संपवेल से चार इंच और चार दो इंची पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, जलकर की राशि संबंधित सोसायटी द्वारा नियमानुसार वहन की जा रही है।
महापौर ने कहा कि भविष्य में किसी भी कॉलोनी को नक्शा स्वीकृति या विकास अनुमति देते समय बिल्डर से यह स्पष्ट कराया जाए कि जल आपूर्ति की जिम्मेदारी पहले 10 वर्षों तक उसी की होगी। उन्होंने कहा कि रहवासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभास मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-9 जोन कमिश्नर संतोष पांडेय, जल विभाग के वरिष्ठ अभियंता नर सिंह फरेन्द्र समेत निगम के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
