ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की नई पहल : ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम का शुभारंभ
रायपुर.
छत्तीसगढ़ में सुशासन की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विशेष रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” की शुरुआत करने जा रहा है। यह कार्यक्रम 31 अगस्त 2025 को दोपहर 12:15 बजे प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित होगा। साथ ही इसकी लाइव स्ट्रीमिंग ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री और मंत्रियों का संदेश
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री तथा राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ग्रामीण महिलाओं के नाम विशेष संदेश देंगे। यह केवल एक प्रसारण नहीं, बल्कि शासन की नीतियों और योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुँचाने का मजबूत माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य
“दीदी के गोठ” का मुख्य उद्देश्य है –
ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना।
उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर प्रदान करना।
स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं की प्रेरक कहानियाँ हर गाँव तक पहुँचाना।
छत्तीसगढ़ की हजारों महिलाएँ “लखपति दीदी” बन चुकी हैं और बिहान योजना से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उनकी मेहनत और आत्मविश्वास की कहानियाँ अब रेडियो की आवाज़ के माध्यम से पूरे समाज तक पहुँचेंगी।
सामूहिक श्रवण की व्यवस्था
कार्यक्रम की पहुँच को और व्यापक बनाने के लिए पंचायत, ग्राम संगठन और संकुल संगठन स्तर पर सामूहिक श्रवण का आयोजन होगा। इसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय समुदाय और स्व-सहायता समूह की महिलाएँ शामिल होंगी। सामूहिक श्रवण से ग्रामीण समाज में आपसी संवाद, चर्चा और प्रेरणा का माहौल बनेगा।
“दीदी के गोठ” केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं की आवाज़ को पूरे समाज तक पहुँचाने और उनके संघर्ष व उपलब्धियों को सम्मान दिलाने का सशक्त प्रयास है। यह पहल मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच और सुशासन की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
