करंट की चपेट में आया हाथी, मौके पर मौत — तीन आरोपी हिरासत में
रायगढ़।
जिले के तमनार वन क्षेत्र से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। सोमवार की दोपहर ग्राम केराखोल में एक वयस्क नर हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने खेत के पास हाथी का शव देखा और तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तमनार रेंज के वन अधिकारी और वन अमला मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि जंगली सुअर के शिकार के लिए खेत में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से हाथी की मौत हुई है।
वन विभाग की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की है। वहीं, इस दर्दनाक घटना को लेकर तीन संदिग्ध ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ जारी है।
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों से तमनार और आसपास के इलाकों में हाथियों की आवाजाही बढ़ी है, जिसके चलते विभाग ने कई बार ग्रामीणों को सतर्क रहने और करंट बिछाने जैसे अवैध कार्यों से दूर रहने की चेतावनी दी थी।
वन विभाग अब मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
📍स्थान: ग्राम केराखोल, तमनार रेंज, रायगढ़
📅 घटना: सोमवार दोपहर
👮♂️ कार्रवाई: तीन ग्रामीण हिरासत में, जांच जारी
