जुआरियों की लगी लॉटरी, पुलिस ने कर दी वाट — 236 जुआरी गिरफ्तार, 75 लाख से अधिक का माल जप्त
रायपुर।
थाना नवागढ़ पुलिस ने दीपावली के मौके पर अवैध जुआ खेल रहे 236 जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 75 लाख 84 हजार 548 रुपये का माल जप्त किया है। कार्रवाई एसडीओपी बेमेतरा श्रीमती कौशिल्या साहू के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने नवागढ़-मुंगेली रोड पर स्थित ईट भट्ठा के पास छापेमारी कर जुआ खेलते 236 लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
रेड के दौरान पुलिस को मौके से नगदी रकम 1,94,548 रुपये, 52 पत्ती ताश, 123 मोटरसाइकिल (कीमत करीब 61 लाख 50 हजार रुपये), 1 कार (कीमत करीब 4 लाख रुपये) और 140 मोबाइल फोन (कीमत करीब 8 लाख 40 हजार रुपये) बरामद हुए।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई
20 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि ईट भट्ठा क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर एसडीओपी साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने देर रात छापा मारा। पुलिस को देखते ही कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, लेकिन 236 जुआरी मौके पर धर लिए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। जप्त मोबाइलों की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
नेतृत्व और टीम की भूमिका
यह बड़ी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और एसडीओपी बेमेतरा श्रीमती कौशिल्या साहू के नेतृत्व में की गई। टीम में थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, थाना प्रभारी नांदघाट निरीक्षक लेखराम ठाकुर, थाना प्रभारी नवागढ़ उपनिरीक्षक भुनेश्वर यादव, थाना प्रभारी चंदनू उपनिरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे, चौकी प्रभारी संबलपुर सउनि रघुवीर सिंह, चौकी प्रभारी मारो सउनि जितेंद्र कश्यप, चौकी प्रभारी देवकर सउनि उदल राम टांडेकर, सउनि दीनानाथ सिन्हा और प्रधान आरक्षक गोपाल ध्रुव सहित जिले के कई थाना-चौकी के अधिकारी और जवान शामिल रहे।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। दीपावली के समय जुए के अड्डों पर यह सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
