10 माह में ठप पड़े विकास कार्यों व नगर निगम की गंभीर समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा ज्ञापन
रायपुर।
रायपुर नगर निगम में पिछले 10 माह से ठप पड़े विकास कार्यों और शहर की गंभीर नागरिक समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने दीप्ति दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पार्षद रेनू साहू, किरण वर्मा, माया रजक, मानव सिंह ठाकुर, जितेंद्र नाग सहित अनेक प्रबुद्ध नागरिक शामिल रहे।
दीप्ति दुबे ने बताया कि नगर निगम रायपुर में वित्तीय संसाधनों की कमी के चलते विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं। प्रमुख मांगों में अधोसंरचना मद के अंतर्गत 100 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र जारी करने की मांग की गई, ताकि रुके हुए विकास कार्यों को फिर से शुरू किया जा सके।
इसके साथ ही चुंगी क्षतिपूर्ति, यात्री कर, पंजीयन एवं मुद्रण शुल्क, बार लाइसेंस तथा उत्पाद कर से संबंधित लगभग 100 करोड़ रुपये की अनिवार्य निधि को अविलंब स्वीकृत करने की मांग रखी गई।
शहर में लगातार बढ़ रही आवारा गाय, सांड और कुत्तों की संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए दो बड़े गौ-अभ्यारण्य, आठ नए कांजी हाउस तथा चारों विधानसभा क्षेत्रों में तीन बधिया केंद्र स्थापित करने की मांग की गई। दीप्ति दुबे ने कहा कि आम नागरिकों के लिए सुबह-शाम घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बीते 10 महीनों में 50 हजार से अधिक लोग कुत्ता काटने की घटनाओं के शिकार हो चुके हैं, जिस पर तत्काल कार्रवाई आवश्यक है।
मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से शहर में मलेरिया और डेंगू के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसे नियंत्रित करने के लिए एंटी लार्वा और एंटी मॉस्किटो का प्रतिदिन छिड़काव करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
इसके अलावा शहर के मध्य स्थित निगम की रिक्त भूमि में ऑक्सी-जोन विकसित करने, तथा पुराना नगर निगम परिसर, पंडरी क्लॉथ मार्केट, कटोरा तालाब, लाखे नगर, शंकर नगर सहित अन्य क्षेत्रों में पार्किंग स्थलों के निर्माण की मांग रखी गई।
दीप्ति दुबे ने बताया कि नगर निगम में संधारण मद के कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। संधारण मद से प्राप्त राशि का उपयोग बिजली बिलों के भुगतान में कर दिया गया, जिसके चलते वार्डों में 10 हजार रुपये तक के छोटे मरम्मत कार्य भी लंबित हैं।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शहर में बढ़ती आवारा पशु दुर्घटनाओं और कुत्ता काटने की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इन विषयों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
