ईमानदारी की मिसाल बना पुलिस आरक्षक, लावारिश थैले में मिले 68 हजार व चांदी के जेवर सुरक्षित लौटाए

0
IMG_20251228_120227_054


जांजगीर-चांपा.

जिले में पुलिस की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। सारागांव थाने में पदस्थ आरक्षक चंद्रहास लहरे ने लावारिश हालत में मिले थैले को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे ड्यूटी से लौटते समय आरक्षक चंद्रहास लहरे को सारागांव बस स्टैंड के पास एक लावारिश थैला मिला। थैले की जांच करने पर उसमें 68 हजार रुपये नगद और चांदी के जेवर रखे मिले। ईमानदारी का परिचय देते हुए आरक्षक बिना देरी किए थैला सीधे सारागांव थाने लेकर पहुंचे और थाना प्रभारी को पूरे मामले की जानकारी दी।
थैले में रखे आधार कार्ड और ग्रामीण बैंक की पासबुक के आधार पर पुलिस ने थैले की मालकिन की पहचान ग्राम सरवानी निवासी नागेश्वरी धीवर के रूप में की। महिला को थाने बुलाकर पुलिस ने पूरी राशि और जेवरात सुरक्षित रूप से उसे सौंप दिए।
अपना खोया हुआ सामान वापस पाकर नागेश्वरी धीवर ने पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास, सहानुभूति और आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य के लिए आरक्षक चंद्रहास लहरे की ईमानदारी की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *