शॉर्ट सर्किट से सहकारी बैंक में आग, कंप्यूटर सिस्टम व दस्तावेज क्षतिग्रस्त
बालोद।
जिले के गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 8 बजे हुई इस घटना में बैंक का कंप्यूटर सिस्टम और किसानों से जुड़े कुछ दस्तावेज जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण हाइटेंशन विद्युत तार में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया गया कि एक बंदर के तार से चिपकने के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी निकलकर बैंक परिसर तक पहुंची और आग भड़क गई।
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल अग्निशमन दल को बुलाया गया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से टल गया।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी चिंता राम रावटे ने बताया कि आग से कंप्यूटर सिस्टम और कुछ सामान्य दस्तावेजों को नुकसान हुआ है, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित है। साथ ही इस घटना में किसी के हताहत होने की भी सूचना नहीं है।
घटना के बाद बैंक प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव किया जा सके। स्थानीय लोगों ने भी बिजली व्यवस्था की नियमित जांच और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।
