चंडी देवी मंदिर में चोरी, सोने के आभूषण पार, चांदी को हाथ तक नहीं लगाया
जांजगीर-चांपा।
जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसों स्थित प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर देवी मां के लगभग तीन तोले सोने के आभूषण पार कर दिए, जबकि हैरानी की बात यह रही कि चांदी के आभूषणों को चोरों ने छुआ तक नहीं।घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह मंदिर के पुजारी बैगा पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और देवी माता के आभूषण गायब हैं। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।इस घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे आस्था के केंद्र में चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। मंदिर में हुई इस चोरी की वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
