अम्बेडकर जयंती पर मुख्यमंत्री ने किया नमन, सामाजिक न्याय के संदेश को अपनाने का आह्वान
रायपुर।
विष्णु देव साय ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। राजधानी स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बाबा साहब के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा और सम्मान से भरा रहा, जहां उपस्थित जनों ने बाबा साहब के योगदान को याद किया।मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अम्बेडकर सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के अद्वितीय प्रतीक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके विचारों ने एक ऐसे भारत की नींव रखी, जहां हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो सके।उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान का प्रेरणास्रोत है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समरस और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव है।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में समानता, भाईचारे और न्याय की स्थापना के लिए सक्रिय योगदान दें।
