कॉलेज जाने निकली नाबालिग छात्रा लापता, अपहरण का मामला दर्ज
राजनांदगांव/डोंगरगढ़। जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा 22 जून की सुबह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्रा ने घर से निकलते समय परिजनों को बताया था कि वह डोंगरगढ़ स्थित नेहरू कॉलेज जा रही है। दिनभर उसके घर नहीं लौटने और मोबाइल से भी संपर्क नहीं हो पाने पर परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
शिकायत मिलने के बाद डोंगरगढ़ पुलिस ने पहले गुम इंसान कायम कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान छात्रा का पता नहीं चलने पर और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नाबालिग के लापता होने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने छात्रा की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है तथा संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा की जल्द से जल्द तलाश कर सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस से बेटी को जल्द खोजने की गुहार लगाई है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और छात्रा की तलाश जारी है।
