बेमेतरा में अंधे कत्ल का खुलासा: शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में दोस्त की पत्थर से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा। साजा थाना क्षेत्र के हरडुवा गांव में हुए चर्चित अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के मामले में एक दिव्यांग युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद अपने साथी की पत्थर से कुचलकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, देवकर चौकी क्षेत्र के चोंगीखपरी निवासी नरेश देशलहरे (40 वर्ष) का शव 22 जून को हरडुवा गांव के एक खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर हरडुवा निवासी यशवंत साहू (33 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान यशवंत ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि 21 जून की रात वह और नरेश साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने पास में पड़े पत्थर से नरेश के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को 24 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, एसडीओपी विनय कुमार, थाना प्रभारी रोशन लाल टोन्डे तथा साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा होने पर अधिकारियों ने जांच टीम की सराहना की है।
