रायपुर निगम ने एक दिन में की 1.55 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व वसूली, 30 जून तक संपत्तिकर पर 6.25% तक की छूट
रायपुर।
रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग ने आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर सोमवार, 29 जून 2026 को विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाते हुए 1070 संपत्तियों से 1 करोड़ 55 लाख 63 हजार 119 रुपये की रिकॉर्ड राजस्व वसूली की। निगम प्रशासन ने सभी जोनों को लक्ष्य आधारित वसूली के साथ-साथ व्यवसायिक संपत्तियों की जांच कर उनका सही कर निर्धारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
राजस्व वसूली में विभिन्न जोनों का उल्लेखनीय योगदान रहा। जोन-3 ने 90 संपत्तियों से 10.98 लाख रुपये, जोन-4 ने 90 संपत्तियों से 20.85 लाख रुपये, जोन-5 ने 119 संपत्तियों से 15.03 लाख रुपये, जोन-7 ने 64 संपत्तियों से 11.01 लाख रुपये, जोन-8 ने 120 संपत्तियों से 18.96 लाख रुपये, जोन-9 ने 196 संपत्तियों से 20.55 लाख रुपये तथा जोन-10 ने 136 संपत्तियों से 12.06 लाख रुपये की वसूली की। अन्य जोनों की वसूली मिलाकर कुल 1070 संपत्तियों से 1.55 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व निगम को प्राप्त हुआ।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 30 जून 2026 तक वित्तीय वर्ष 2026-27 के संपत्तिकर का पूर्ण भुगतान करने वाले करदाताओं को संपत्तिकर की राशि पर अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा। निगम ने नागरिकों से समय सीमा के भीतर कर जमा कर छूट का लाभ उठाने की अपील की है।
इसके साथ ही निगम आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर की सभी व्यवसायिक संपत्तियों का सर्वे एवं सत्यापन कर वास्तविक उपयोग के अनुसार कर निर्धारण किया जाए, ताकि राजस्व में वृद्धि के साथ कर व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।
