छत्तीसगढ़ के 21 जिलों में मौसम का अलर्ट, बस्तर संभाग में 60 किमी/घंटा तक तेज हवा और आकाशीय बिजली की चेतावनी
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार सुबह जारी अपने नाउकास्ट बुलेटिन में राज्य के 21 जिलों के लिए गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी सुबह 7:42 बजे से 10:42 बजे तक प्रभावी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। इन जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
