सरोना ओवरब्रिज पर ट्रैक्टर पलटा, लंबा ट्रैफिक जाम
रायपुर।
राजधानी रायपुर के सरोना ओवरब्रिज पर मंगलवार को एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ब्रिज पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना के बाद दोनों ओर यातायात प्रभावित हो गया और लोगों को काफी देर तक जाम का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक अमला मौके पर पहुंचा तथा यातायात को सुचारु करने में जुट गया। क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रैक्टर को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, व्यस्त समय में हुई इस घटना से कार्यालय और अन्य जरूरी कामों के लिए निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सरोना ओवरब्रिज मार्ग पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
