हनुमान मंदिर से 30 तोला चांदी का मुकुट चोरी, धार्मिक स्थलों पर लगातार वारदातों से बढ़ी चिंता

0
IMG_20260630_141408_446


कवर्धा।

शहर में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। रेवाबंध तालाब के पास नवीन बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर में देर रात अज्ञात चोर भगवान हनुमान की प्रतिमा पर स्थापित करीब 30 तोला चांदी का मुकुट चोरी कर फरार हो गए। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और श्रद्धालुओं ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाश मंदिर में घुसे और भगवान हनुमान की प्रतिमा पर विराजमान चांदी का मुकुट लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब चोरी का पता चला। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और घटना पर नाराजगी जताई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं तथा अज्ञात चोरों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में रण्डीर राम मंदिर में हुई चोरी की घटना अभी लोगों के जेहन से उतरी भी नहीं थी कि अब बजरंगबली मंदिर को निशाना बनाए जाने से शहर में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से श्रद्धालुओं में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया मुकुट बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त निगरानी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *