एचपीवी टीकाकरण में बलरामपुर-रामानुजगंज ने रचा कीर्तिमान, प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
90 फीसदी लक्ष्य पूरा, अब शत-प्रतिशत टीकाकरण पर फोकस; जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर बनी मिसाल
रायपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 से शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले ने 8,785 पात्र बालिकाओं के लक्ष्य के विरुद्ध 7,931 बालिकाओं का टीकाकरण कर 90 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है, जो राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है।
महिलाओं को भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से संचालित इस राष्ट्रीय अभियान को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के जनस्वास्थ्य केंद्रित विजन और राज्य सरकार की प्रभावी कार्ययोजना से नई गति मिली है। मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यभर में अभियान का व्यापक स्तर पर संचालन किया जा रहा है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की इस सफलता के पीछे कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले के बेहतर समन्वय और लगातार किए गए जनजागरूकता प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया, जिससे जिले ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिए हैं कि अभियान से छूट गई प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंच बनाकर जिले में शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों वाले बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने यह साबित किया है कि मजबूत प्रशासनिक नेतृत्व, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता के बल पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से सफल बनाया जा सकता है। जिले की यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।
