खेल प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर देगी सरकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को उनके निवास कार्यालय में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद 20 खेलों के 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दी गई।
चयनित खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद पात्र खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। लंबे समय से इस सूची का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को उनकी पात्रता के अनुसार शासकीय सेवा में अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उनके अनुभव और उपलब्धियों का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि ऐसी मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है, जहां गांव से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की समय पर पहचान हो और उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास और नई खेल अकादमियों की स्थापना की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य ऐसे खिलाड़ी तैयार करना है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी भविष्य में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत बनाएंगे।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए जारी विज्ञापन के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच और निर्धारित मानकों के आधार पर 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
बैठक में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार तथा विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
