पंडरिया में गन्ना किसानों का चक्काजाम, नेशनल हाईवे-130 पर यातायात ठप

0
IMG_20260701_082156_712


30 करोड़ रुपये के लंबित भुगतान समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन
कवर्धा/पंडरिया।

गन्ना किसानों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को पंडरिया स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के सामने भारतीय किसान संघ एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ के बैनर तले किसानों ने नेशनल हाईवे-130 पर चक्काजाम कर दिया। किसानों ने अपने ट्रैक्टर सड़क पर खड़े कर हाईवे को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


किसानों की प्रमुख मांगें
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के किसानों का लगभग 30 करोड़ रुपये का लंबित गन्ना भुगतान तत्काल किया जाए।
गन्ने को कृषक उन्नति योजना में शामिल किया जाए।
शक्कर कारखाने से खरीदी जाने वाली शक्कर का भुगतान 42 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से शासन द्वारा किया जाए।
सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए तथा खाद की कालाबाजारी करने वाले निजी दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं।
केंद्र सरकार द्वारा धान के समर्थन मूल्य में की जाने वाली वार्षिक वृद्धि को राज्य सरकार द्वारा घोषित 3,100 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य के अतिरिक्त जोड़कर किसानों को लाभ दिया जाए।
चक्काजाम के चलते हाईवे पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचकर किसानों से चर्चा कर रहे हैं। प्रशासन आंदोलन समाप्त कराने और यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *