सड़क बनी तालाब, गड्ढे में नहाकर ग्रामीण का अनोखा विरोध, वीडियो वायरल
जांजगीर-चांपा ।
जिले के डोंगाकोहरौद क्षेत्र में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले तीन दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। इसी बीच हुई बारिश ने सड़क की बदहाली को और उजागर कर दिया।
बारिश के बाद सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में गंदा पानी भर गया, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो गया। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए एक ग्रामीण ने सड़क पर भरे गंदे पानी में बैठकर नहाते हुए अनोखा प्रदर्शन किया। ग्रामीण का कहना है कि जब वर्षों से सड़क की सुध नहीं ली जा रही है, तो इसी बदहाल सड़क को विरोध का माध्यम बनाना उनकी मजबूरी है।
इस अनोखे विरोध का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे व्यवस्था पर करारा सवाल बताते हुए प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। अब लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क तालाब में तब्दील हो चुकी है, जिससे लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक सड़क निर्माण का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आमरण अनशन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं वायरल वीडियो के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
