आईआईएम रायपुर में 4-5 जुलाई को लगेगा सुशासन का मंथन, मंत्रिमंडल के साथ विशेषज्ञों से सीखेंगे मंत्री
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार 4 और 5 जुलाई को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर में दो दिवसीय राज्य मंत्रिमंडल चिंतन शिविर आयोजित करने जा रही है। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रहे इस शिविर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित मंत्रिमंडल के सदस्य शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली, सुशासन और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस चिंतन शिविर में देश के प्रख्यात विद्वानों, प्रशासनिक विशेषज्ञों और विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी वक्ताओं के विचारों एवं अनुभवों को सुनने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद शासन की कार्यशैली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनकेंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिविर के दौरान सुशासन, नवाचार, नीति निर्माण, सेवा वितरण, प्रशासनिक सुधार और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। इसका उद्देश्य शासन-प्रशासन में नई सोच और बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करना है, ताकि आम जनता तक योजनाओं का लाभ अधिक तेजी और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुड गवर्नेंस को और मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। चिंतन शिविर के दौरान होने वाले विमर्श से शासन व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह, पारदर्शी तथा परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में ठोस सुझाव प्राप्त होंगे, जिनका लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा।
सरकार का मानना है कि लगातार तीसरे वर्ष आयोजित यह चिंतन शिविर प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, बेहतर समन्वय स्थापित करने और विकास कार्यों में गति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
