24 घंटे में लूट का खुलासा, 3.60 लाख के जेवर बरामद; खरीददार भी गिरफ्तार
बेमेतरा।
जिले के खम्हरिया थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3.60 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। वहीं, लूट के जेवर खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गडुवा निवासी पार्वती लोधी (70 वर्ष) ने खम्हरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 जून की दोपहर भुलउ सेन नामक युवक उनके घर में घुस आया। आरोपी ने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और उनके गले से करीब 3 तोला 20 मिलीग्राम वजनी सोने की चेन लूटकर फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी भुलउ सेन को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3.60 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए। जांच के दौरान यह भी पता चला कि लूट के जेवर एक अन्य व्यक्ति को बेचे गए थे। इसके बाद पुलिस ने आभूषण खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
महज 24 घंटे के भीतर गंभीर लूटकांड का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटा गया माल बरामद करने पर बेमेतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
