मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज जांजगीर-चांपा, पामगढ़ और सक्ती दौरा, कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में होंगे शामिल
रायपुर।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जांजगीर-चांपा, पामगढ़ और सक्ती जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विभिन्न शासकीय, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम को रायपुर लौटने के बाद वे पत्रकार संघ के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास (सिविल लाइन) से रवाना होकर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर पहुंचेंगे।
दोपहर 12:20 बजे वे कस्बे नगर, खोखी आश्रम (चांपा) पहुंचेंगे, जहां “सांथी आश्रम का अभिनंदन” कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1:10 बजे पामगढ़ स्थित आईटीआई ग्राउंड में नगर पंचायत पामगढ़ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं समस्त पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री सक्ती जिले के जैजा पहुंचेंगे, जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन एवं जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
सभी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5:30 बजे रायपुर लौटेंगे। इसके बाद शाम 6:35 बजे सिविल लाइन स्थित समिट हाउस में आयोजित पत्रकार संघ – छत्तीसगढ़ योग आयोग के कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम के लिए मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर संबंधित जिलों में प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई है।
