इस निगम को मिले 10 नए एल्डरमेन, कलेक्टर डॉ. गौरव ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़ समेत जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ शपथ ग्रहण समारोह, नव-नामांकित एल्डरमेनों का हुआ सम्मान
रायपुर। रायपुर नगर निगम में गुरुवार को 10 नव-नामांकित पार्षद (एल्डरमेन) ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का औपचारिक रूप से निर्वहन शुरू किया। रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय समारोह में सभी एल्डरमेनों को ईश्वर के नाम पर सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नामांकित एल्डरमेन में रामकिंकर सिंह, विनय ओझा, मनीष करडभुजे, मित्रसेन धीमान, राजू राधवानी, गोपाल सोना, बी. श्रीनिवास राव, गोपी साहू, विक्रम सिंह ठाकुर और ऋषि साहू शामिल हैं। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी एल्डरमेन ने नगर निगम के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
समारोह में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, निगम आयुक्त संबित मिश्रा, रायपुर ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू, शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य, पार्षद, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय एवं निगम सचिव संगीता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर, सभापति, कलेक्टर, आयुक्त तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने सभी नव-नामांकित एल्डरमेनों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नगर निगम के विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
यह नियुक्ति नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक मजबूत और अनुभवी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नव-नामांकित एल्डरमेन अपने अनुभव और सुझावों के माध्यम से शहर के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े निर्णयों में अहम भूमिका निभाएंगे।
