आईआईएम रायपुर में शुरू हुआ चिंतन शिविर, मुख्यमंत्री साय के साथ पूरा मंत्रिमंडल विकास के रोडमैप पर करेगा मंथन
रायपुर। राजधानी स्थित आईआईएम रायपुर में शनिवार से राज्य सरकार का दो दिवसीय चिंतन शिविर शुरू हो गया। शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान मंत्रिमंडल के सभी मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के शीर्ष अधिकारी भी उपस्थित रहे।
चिंतन शिविर का उद्देश्य राज्य के समग्र विकास, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य की विकास रणनीति पर व्यापक मंथन करना है। शिविर में सरकार के आगामी एजेंडे, विभागीय कार्यों की समीक्षा, नई योजनाओं की रूपरेखा और बेहतर प्रशासनिक समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य के विकास को नई गति देने, योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करने के लिए यह चिंतन शिविर महत्वपूर्ण साबित होगा। सरकार का प्रयास है कि नवाचार, पारदर्शिता और सुशासन के माध्यम से जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
दो दिनों तक चलने वाले इस शिविर में विभिन्न विषय विशेषज्ञ भी अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही प्रशासनिक सुधार, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, डिजिटल गवर्नेंस और आधारभूत संरचना जैसे अहम मुद्दों पर प्रस्तुतियां और मंथन होगा। इससे सरकार की आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप देने में मदद मिलेगी।
