नकटी अतिक्रमण पर भाजपा का पलटवार, कहा- कांग्रेस फैला रही भ्रम, कार्रवाई की पटकथा खुद भूपेश सरकार ने लिखी थी

0


रायपुर। नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जबकि इस कार्रवाई की पृष्ठभूमि स्वयं कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तैयार हुई थी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन मार्कण्डेय ने रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नकटी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर कांग्रेस जिस तरह का माहौल बना रही है, वह पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए प्रभावित लोगों को भ्रमित कर रही है।
मार्कण्डेय ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समय ही इस पूरी प्रक्रिया की शुरुआत हुई थी। उस दौरान संबंधित भूमि हाउसिंग बोर्ड को सौंपी गई थी। प्रारंभिक सर्वे में करीब तीन हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण पाया गया था। बाद में जब आवासीय परियोजना आगे बढ़ी तो अतिक्रमण का दायरा भी लगातार बढ़ता गया।
भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, नकटी क्षेत्र नवा रायपुर के तीसरे लेयर (थर्ड लेयर) में आता है, जहां नियोजित शहरी विकास की योजना के तहत भूमि का उपयोग किया जाना है। ऐसे में सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
भाजपा ने कांग्रेस से इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात करने की अपील करते हुए कहा कि जनता को भ्रमित करने की कोशिश सफल नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *