खेत में करंट का कहर: मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत, पूरे गांव में पसरा मातम
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में मां और उसके दो बेटों की करंट लगने से मौत हो गई। खेत की मेड़ पर घेराबंदी के दौरान हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलने पर कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौल अपने खेत में मवेशियों के प्रवेश को रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इस दौरान उनके साथ बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद था।
घेराबंदी के दौरान अचानक जीआई तार में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे मां और दोनों बेटे उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि तीनों को संभलने या बचने का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
कोटा पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर यह पता लगाने में जुटी है कि खेत में बिछे तार में करंट कैसे प्रवाहित हुआ। पुलिस और संबंधित विभाग घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
