एक दिन की बारिश में डूबा फाफाडीह अंडरब्रिज, ट्रक फंसा; राजधानी में निगम की लापरवाही से कई इलाकों का संपर्क टूटा

0
IMG-20260705-WA0119



रायपुर। राजधानी रायपुर में बीती रात हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। फाफाडीह रेलवे अंडरब्रिज में कमर तक पानी भर जाने से रात से ही आवाजाही पूरी तरह बंद है। पानी में एक ट्रक भी फंस गया है, जिसके कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब चार साल पहले बने इस अंडरब्रिज में पिछले तीन वर्षों में कभी इस तरह जलभराव नहीं हुआ। इस बार नस्ली नाले की समय पर सफाई नहीं होने से बारिश का पानी अंडरब्रिज में भर गया और यह स्थिति पैदा हुई।


अंडरब्रिज बंद होने से भानपुरी, कामता, श्रीनगर, सरस्वती कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों का फाफाडीह मार्ग से संपर्क टूट गया है। लोगों को अब देवेंद्र नगर मंडी गेट के रास्ते लगभग 6 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।


केवल फाफाडीह ही नहीं, बल्कि राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी सड़कों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा। लोगों को घंटों जाम और जलभराव से जूझना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि बारिश से पहले नालों की नियमित सफाई कराई जाती, तो ऐसी नौबत नहीं आती। एक दिन की बारिश में राजधानी के कई हिस्सों का जलमग्न होना शहर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था और नगर निगम की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *