तीन घंटे के लिए मौसम का अलर्ट: रायपुर समेत 17 जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में सोमवार सुबह मौसम ने फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने सुबह 7:45 बजे जारी डिस्ट्रिक्ट लेवल नाउकास्ट में अगले तीन घंटे (सुबह 10:45 बजे तक) के लिए प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और भारी से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर और कोरिया जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में मध्यम बारिश, जबकि सुकमा, जशपुर और बलरामपुर सहित अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
