स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री

0
IMG-20260706-WA0194


रायपुर मेडिकल कॉलेज में 103 करोड़ रुपये से अधिक के स्वास्थ्य अधोसंरचना कार्यों का भूमिपूजन

रायपुर।

मुख्य मंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में 200 सीटर आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार तथा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेडिकल विद्यार्थियों की लंबे समय से लंबित छात्रावास की मांग को सरकार ने पूरा किया है।
साय ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जनता से किए गए अधिकांश वादे पूरे किए हैं और “मोदी की गारंटी” को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार नई परियोजनाएं स्वीकृत हो रही हैं तथा भविष्य में राज्य को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की सौगात मिलने की भी उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल विद्यार्थियों से सरगुजा से लेकर बस्तर तक प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाएं देने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत वाली ये परियोजनाएं प्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है। उन्होंने बताया कि नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग एवं फिजियोथेरेपी संस्थानों के विस्तार के साथ 100 बिस्तरों वाले योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल और रिसर्च सेंटर का निर्माण भी प्रगति पर है। साथ ही डीएम कार्डियक कोर्स शुरू हो चुका है और जगदलपुर में जल्द दूसरा बड़ा हार्ट सेंटर स्थापित किया जाएगा।
परियोजनाओं के तहत 200 सीटर आधुनिक छात्रावास, कैंसर भवन का द्वितीय से छठे तल तक विस्तार, अत्याधुनिक लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और वार्ड विकसित किए जाएंगे। छात्राओं के छात्रावास का भी विस्तार कर अतिरिक्त कमरे, लाइब्रेरी, डॉरमेट्री और रिक्रिएशन हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *