ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 4 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के पलावा सिटी से संचालित हो रहा था नेटवर्क, 1.69 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा
राजनांदगांव।
ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और एनसीआरबी से मिले इनपुट के आधार पर की गई कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में मुंबई महानगर क्षेत्र के पलावा सिटी से संचालित ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी म्यूल बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े करोड़ों रुपये के लेन-देन को अंजाम दे रहे थे। अब तक 1.69 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का पता चला है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, 14 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, बैंक पासबुक सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक खातों की फॉरेंसिक जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टेबाजी और साइबर अपराध को संगठित तरीके से संचालित कर रहा था। मामले में वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों के उपयोग और अन्य राज्यों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
