बालोद में रहस्यमयी घटना: खेत में अचानक धंसी जमीन, 18 फीट गहरा गड्ढा बनने से ग्रामीणों में दहशत, देखें फोटो
बालोद।
जिले के ग्राम भानपुरी में रविवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। गांव के किसान खेलन साहू के खेत में अचानक जमीन धंसने लगी। देखते ही देखते खेत के बीचों-बीच करीब 18 फीट गहरा और बड़ा गड्ढा बन गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन धीरे-धीरे धंसती गई और कुछ ही देर में विशाल गड्ढे का रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग को इसकी जानकारी दी गई है।
फिलहाल जमीन धंसने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर इसे भूगर्भीय हलचल या मिट्टी के भीतर खाली स्थान बनने से जुड़ी घटना माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा विशेषज्ञों से जांच कराए जाने की संभावना है।
ग्रामीणों को एहतियात के तौर पर गड्ढे के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही जमीन धंसने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
