मुख्य सचिव ने सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक ली, बैकलॉग भर्ती और योजनाओं की मॉनिटरिंग पर दिया जोर

0


रायपुर, 7 जुलाई।

मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति और लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी विभागों को बैकलॉग के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय सचिव अपनी-अपनी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और तय समयसीमा में लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं और पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने राज्य के महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के भी निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं सचिवों सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसमें वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, गृह, आदिम जाति विकास, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, कृषि, नगरीय प्रशासन, राजस्व, परिवहन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वाणिज्यिक कर तथा अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *