सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, अवैध गोदाम ध्वस्त
पामगढ़ ब्लॉक के गांव मेंऊ में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम मेंऊ में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए गोदाम को ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासन को लंबे समय से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत मिल रही थी। जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जेसीबी की मदद से अवैध गोदाम को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
