मुख्यमंत्री के सुशासन में किसानों को राहत, जशपुर में सहकारी समितियों से सस्ते दाम पर मिल रहे खाद-बीज

0
IMG-20260706-WA0448


रायपुर।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को समय पर और रियायती दरों पर कृषि आदान उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की पहल का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। जशपुर जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद और बीज निर्धारित सरकारी दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती की लागत कम होने के साथ किसानों को आर्थिक राहत भी मिल रही है।
जिले के सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में सहकारी समितियों के जरिए यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों का नियमित वितरण किया जा रहा है। किसान अपनी निकटतम समिति से आसानी से खाद प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें निजी दुकानों पर अधिक कीमत चुकाने की जरूरत नहीं पड़ रही।
किसानों का कहना है कि पहले खाद-बीज खरीदने के लिए कई दुकानों के चक्कर लगाने पड़ते थे और कई बार अधिक कीमत चुकानी पड़ती थी। समय पर खाद नहीं मिलने से खेती प्रभावित होती थी और ब्याज पर पैसा लेकर खेती करनी पड़ती थी। अब सरकारी व्यवस्था के चलते समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध होने से खेती का खर्च घटा है और आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
जशपुर जिले की महिला किसान मंजुला भगत ने बताया कि पहले खाद और यूरिया के लिए काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब सहकारी समिति से कम कीमत पर आसानी से सभी आवश्यक कृषि सामग्री मिल जाती है। उन्होंने कहा कि इससे खेती करना आसान हुआ है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। पहले खेती के लिए कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन अब इसकी आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से किसानों को वास्तविक लाभ मिल रहा है।
सरकार द्वारा किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें यूरिया 266.50 रुपये प्रति बोरी, डीएपी 1,350 रुपये, सुपर फॉस्फेट (पाउडर) 551 रुपये, सुपर फॉस्फेट (दानेदार) 591 रुपये, जिंकयुक्त सुपर फॉस्फेट 576 रुपये, टीएसपी 1,300 रुपये, एनपीके 1,850 रुपये एवं 1,990 रुपये तथा पोटाश 1,975 रुपये प्रति बोरी की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है।
सरकार का कहना है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उचित मूल्य पर उपलब्ध कराकर खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सहकारी समितियों के माध्यम से समय पर खाद-बीज की उपलब्धता से जशपुर के किसानों में संतोष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *