छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारियों का तबादला
रायपुर, 8 जुलाई।
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 19 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, नगर निगम आयुक्तों, अपर कलेक्टरों तथा विभागीय अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची में जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, नगर निगम आयुक्तों, अपर कलेक्टरों और विभागीय अधिकारियों के पदस्थापन में व्यापक बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को मंत्रालय एवं संचालनालयों में नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कई अधिकारियों को जिला प्रशासन और नगरीय निकायों की कमान सौंपी गई है।
प्रमुख तबादले इस प्रकार हैं—
- इन्द्रजीत बर्मन को जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में अपर संचालक बनाया गया।
- राजीव कुमार पाण्डेय को भिलाई नगर निगम आयुक्त से उच्च शिक्षा संचालनालय में अपर संचालक की जिम्मेदारी मिली।
- भारती चन्द्राकर को जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से मार्कफेड में अतिरिक्त प्रबंध संचालक बनाया गया।
- दिनेश कुमार नाग को जिला पंचायत कोरबा से छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन में महाप्रबंधक पदस्थ किया गया।
- गोकुल राम रावटे को जिला पंचायत जांजगीर-चांपा से जिला पंचायत मुंगेली का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया।
- अभिषेक कुमार गुप्ता को बलौदाबाजार-भाटापारा के अपर कलेक्टर से जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया।
- अरुण कुमार वर्मा को उत्तर बस्तर कांकेर के अपर कलेक्टर से धमतरी नगर निगम आयुक्त नियुक्त किया गया।
- विनय कुमार पोयाम को कबीरधाम के अपर कलेक्टर से जिला पंचायत जांजगीर-चांपा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया।
- अतुल विश्वकर्मा को राजनांदगांव नगर निगम आयुक्त से भू-अभिलेख कार्यालय में संयुक्त आयुक्त बनाया गया।
शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर पालन प्रतिवेदन सामान्य प्रशासन विभाग को उपलब्ध कराएं।
