रायपुर में अवैध व्यवसायिक भवन पर निगम का बुलडोजर, 1500 वर्गफुट में बने जी+1 निर्माण को तोड़ा
रायपुर।
राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर गुरुवार को जोन क्रमांक-5 की नगर निवेश टीम ने कुशालपुर रिंग रोड नंबर-1 स्थित एक अवैध व्यवसायिक भवन पर बड़ी कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, सुनील खंडेलवाल द्वारा लगभग 1500 वर्गफुट भूमि पर बिना अनुमति जी+1 व्यवसायिक भवन का निर्माण कराया गया था। नगर निगम ने नियमानुसार पहले संबंधित निर्माणकर्ता को नोटिस जारी किया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।
जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, नगर निवेश के उप अभियंता टिकेंद्र चंद्राकर, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को तोड़ा गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
