टीम प्रहरी अभियान: टिकरापारा में अवैध कब्जों पर निगम की कार्रवाई, 6 ठेले हटाए, 13 दुकानदारों पर 12 हजार का ई-चालान

0
IMG-20260708-WA0043


रायपुर।

राजधानी में सड़क अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘टीम प्रहरी अभियान’ के तहत नगर निगम ने बुधवार को टिकरापारा स्थित पुजारी पार्क के पास मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े करीब 6 ठेलों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, वहीं सड़क पर सामान फैलाकर कारोबार कर रहे 13 दुकानदारों पर कुल 12 हजार रुपये का ई-चालान किया गया।
रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़नदस्ता और निगम जोन-6 की टीम ने यातायात पुलिस के सहयोग से की।
जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के निर्देशन में कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव और उप अभियंता सागर ठाकुर की मौजूदगी में अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों को भविष्य में ऐसा न करने की सख्त चेतावनी भी दी। निगम का कहना है कि शहर में यातायात को सुगम बनाने और नागरिकों से प्राप्त जनशिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *