छत्तीसगढ़ में संविदा और प्लेसमेंट कर्मचारियों का iGOT पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य

0

नगरीय प्रशासन विभाग ने जारी किए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्य के सभी नगरीय निकायों में कार्यरत संस्था, संविदा एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का कर्मयोगी भारत के iGOT (Integrated Government Online Training) Portal पर शत-प्रतिशत ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने इस संबंध में सभी नगर निगम आयुक्तों, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों, संयुक्त संचालकों तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण को पत्र भेजकर निर्धारित समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई सामान्य प्रशासन विभाग के 2 जुलाई 2026 के आदेश के अनुपालन में की जा रही है। इसके तहत सभी संविदा और प्लेसमेंट कर्मचारियों का iGOT पोर्टल पर पंजीयन एवं ऑनबोर्डिंग सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

जारी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार ऑनबोर्डिंग दो तरीकों से की जा सकेगी। पहला, विभागीय नोडल अधिकारी एमडीओ (MDO) पोर्टल पर Bulk Upload के माध्यम से कर्मचारियों का पंजीयन करेंगे। दूसरा, Custom Registration Link तैयार कर कर्मचारियों को भेजा जाएगा, जिसके माध्यम से वे स्वयं अपना पंजीयन कर सकेंगे।

शासन ने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि ऑनबोर्डिंग के दौरान केवल Gmail ID का ही उपयोग किया जाए। NIC अथवा अन्य सरकारी डोमेन की ई-मेल आईडी का उपयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों को पंजीयन के समय अपनी व्यक्तिगत और कार्यालयीन जानकारी सही-सही दर्ज करनी होगी।

यदि ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो संबंधित विभागों को सामान्य प्रशासन विभाग की iGOT Technical Support Team से संपर्क करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *