नाबालिग छात्रा की आत्महत्या मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग सख्त, डीजीपी समेत अधिकारियों को नोटिस
कोरिया।
जिले में सुपर बाजार (आईसी मार्ट) के संचालकों की कथित प्रताड़ना से जुड़ी नाबालिग छात्रा की आत्महत्या के मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) ने राज्य शासन और जिला प्रशासन को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत जवाब तलब किया है।
आयोग ने छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), प्रमुख सचिव आदिम जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास विभाग, कोरिया कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक से मामले में अब तक की गई कार्रवाई, जांच की प्रगति और पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई गई सहायता संबंधी रिपोर्ट मांगी है।
बताया जा रहा है कि नाबालिग छात्रा ने सुपर बाजार (आईसी मार्ट) के संचालकों द्वारा कथित प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग द्वारा नोटिस जारी किए जाने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। अब सभी की नजर राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले जवाब तथा आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
