घायल बनकर राहगीरों को बनाते थे शिकार, झपटमारी गिरोह का पर्दाफाश; युवक समेत तीन नाबालिग पकड़े
जांजगीर-चांपा।
डभरा पुलिस ने घायल होने का नाटक कर राहगीरों को झांसे में लेकर झपटमारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक और तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और नकदी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सड़क किनारे घायल होने का नाटक कर राहगीरों से मदद मांगते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उन्हें उठाने या सहायता करने के लिए रुकता, उनके साथी मौका पाकर उसकी जेब से नकदी और कीमती सामान पार कर देते थे।
हाल ही में कुछ व्यापारी सड़क किनारे गिरे युवक की मदद के लिए रुके थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनकी जेब से करीब 7 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर डभरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर एक युवक और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके पास से चोरी की नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इसी तरह घायल होने का नाटक कर लोगों को झांसे में लेकर झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
डभरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर किसी घायल व्यक्ति की मदद करते समय सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
